अमृतसर से खरीदकर स्थानीय ग्राहकों को बेचने की थी तैयारी, आरोपी के पास से 10,500 रुपये नकद भी मिले
बिलासपुर। पंजाब के अमृतसर से हेरोइन (चिट्टा) लाकर बिलासपुर में बेचने की तैयारी कर रहे 32 वर्षीय आरोपी दीपक वालिया को ACCU और सकरी पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 11.73 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत 2.50 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने 10,500 रुपये नकद भी जब्त किए हैं। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार, आगामी त्योहारों के मद्देनजर शहर में चेकिंग और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही थी। इसी दौरान ACCU को सूचना मिली कि एक व्यक्ति उसलापुर बाजार के आसपास हेरोइन बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना से अधिकारियों को अवगत कराने के बाद ACCU और सकरी पुलिस की संयुक्त टीम ने वैज्ञानिक अधिकारी की उपस्थिति में कार्रवाई की। तलाशी के दौरान संदिग्ध के पास से पारदर्शी जिपर वाली पॉलीथिन में रखी 11.73 ग्राम हेरोइन और 10,500 रुपये नकद मिले।
अमृतसर से खरीदकर लाया था नशा
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने पंजाब के अमृतसर से हेरोइन खरीदकर बिलासपुर लाने और यहां स्थानीय ग्राहकों को अधिक कीमत पर बेचने की तैयारी करने की बात बताई। वह कथित तौर पर नशे की अलग-अलग पुड़िया बनाकर बेचने के लिए ग्राहकों की तलाश कर रहा था। पुलिस अब मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य लोगों और आरोपी के वित्तीय लेन-देन की जानकारी जुटा रही है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान दीपक वालिया (32), पिता कमलजीत सिंह वालिया, निवासी सुभाष कॉलोनी, गली नंबर 7, थाना बी-डिवीजन, जिला अमृतसर, पंजाब के रूप में हुई है। वह वर्तमान में उसलापुर स्थित वास्तु शिखर अपार्टमेंट में रह रहा था।
NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सकरी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी) एवं 22(बी) के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है। मामले की विवेचना में नशे की आपूर्ति करने वाले व्यक्तियों और तस्करी के नेटवर्क का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्रवाई में नगर पुलिस अधीक्षक (क्राइम) सुदीप सरकार, ACCU प्रभारी निरीक्षक गोपाल सतपथी, सकरी थाना प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह, पीएसआई अर्चना साहू एवं टिकराम निषाद, ACCU के उपनिरीक्षक कमलेश बंजारे तथा आरक्षक अभिजीत डाहिरे, धीरेंद्र सिंह तोमर, विकास राम, महादेव कुजूर और समर बहादुर सहित दोनों टीमों के अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने कार्रवाई में शामिल टीम की सराहना करते हुए उचित पुरस्कार देने की घोषणा की है।
बिलासपुर पुलिस ने नागरिकों से नशे के अवैध कारोबार से संबंधित जानकारी पुलिस को देने की अपील की है।