बिलासपुर। शहर के दयालबंद क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि 4 युवकों ने कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए कई लोगों के साथ मारपीट की। आरोप है कि युवकों ने हाथ-मुक्के, डंडे और बेल्ट से हमला किया। बीच-बचाव करने पहुंचे परिजनों के साथ भी धक्का-मुक्की की गई। मारपीट में सत्येश, निखिल और महेश सहित कई लोगों को चोटें आई हैं। शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दुर्गा पंडाल में शुरू हुआ विवाद

दयालबंद रोड स्थित अपोलो फार्मेसी के सामने रहने वाले सत्येश गोले सोलर पैनल का काम करते हैं। उनकी शिकायत के मुताबिक, रात करीब 11 बजे वह महेश गोले, निखिल पानीकर और यश गोले के साथ दुर्गा पंडाल के अंदर खड़े थे। इसी दौरान नवीन गोले उर्फ लक्की, आशीष पानीकर, प्रिंस सोनकर और प्रियांश गोले उर्फ साहन वहां पहुंचे। पुरानी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते गाली-गलौज होने लगी और आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्के, डंडे और बेल्ट से मारपीट शुरू कर दी।

घर में घुसकर भी की मारपीट

विवाद के दौरान सत्येश के सीने, पीठ और गले में चोटें आईं, जबकि निखिल के सिर और महेश के सीने, हाथ, पैर व कंधे में चोट लगने की शिकायत की गई है। मारपीट से बचने के लिए सत्येश और महेश घर के अंदर चले गए, लेकिन आरोप है कि चारों युवक वहां भी पहुंच गए और बाल पकड़कर दोनों के साथ मारपीट की। घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे परिजनों के साथ भी धक्का-मुक्की की गई।

शोर सुनकर मौके पर पहुंचे परिजन

मारपीट की आवाज सुनकर संतोषी गोले, सरोज गोले, आराधना गोले, कृष्ण कुमार गोले और मोहन गोले मौके पर पहुंचे। आरोप है कि युवकों ने उनके साथ भी गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की। घटना में कई लोगों को चोटें आई हैं। शिकायत के आधार पर सिटी कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस घटना की जांच करते हुए आरोपियों की तलाश कर रही है।