बिलासपुर। चकरभाठा थाना क्षेत्र के ग्राम बोड़सरा से लापता हुईं दो नाबालिग लड़कियों के मामले में पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों युवक नाबालिगों को अपने साथ ले गए और जान से मारने की धमकी देकर उनके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अपहरण, दुष्कर्म, धमकी और पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, 26 अक्टूबर को एक महिला ने चकरभाठा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग बेटी और नाबालिग भतीजी बिना बताए घर से कहीं चली गई हैं। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान दोनों नाबालिगों को आरोपियों के कब्जे से बरामद किया गया।

पुलिस ने मामले में सूरज भास्कर (24) और जयप्रकाश खांडे (20), दोनों निवासी धमधापारा छिंदभोग, थाना पथरिया, जिला मुंगेली को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। इसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।