बिलासपुर। देवरीखुर्द क्षेत्र में धारदार चाकू लेकर राहगीरों को डराने-धमकाने वाले आदतन बदमाश को तोरवा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लोहे का एक धारदार चाकू बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, 1 सितंबर 2026 को तोरवा पुलिस क्षेत्र में पेट्रोलिंग और अड्डाबाजी चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि दुर्गा मंदिर देवरीखुर्द के पास एक व्यक्ति हाथ में चाकू लेकर आने-जाने वाले राहगीरों को दिखाकर डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी की पहचान निलेश उर्फ छोटू गंगोत्री (24), निवासी अटल आवास, देवरीखुर्द, थाना तोरवा, बिलासपुर के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से लोहे का धारदार चाकू बरामद किया गया। पुलिस ने चाकू जब्त कर आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 473/2026, धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस की लगातार कार्रवाई से क्षेत्र में बदमाशों में हड़कंप

तोरवा पुलिस द्वारा क्षेत्र में पेट्रोलिंग, अड्डाबाजी चेकिंग और संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार निगरानी की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई से असामाजिक तत्वों में हड़कंप की स्थिति है।