बिलासपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित हैवन्स पार्क होटल के बाहर शनिवार-रविवार की दरम्यानी रात करीब ढाई बजे हंगामे का मामला सामने आया है। होटल के स्पा सेंटर में काम करने वाली एक युवती के शराब के नशे में हंगामा करने का वीडियो सामने आया है। बताया जा रहा है कि विवाद होटल के बिल के भुगतान को लेकर शुरू हुआ, जिसके बाद होटल के बाहर काफी देर तक हंगामा चलता रहा।
बताया जा रहा है कि युवती ने होटल के पब/बार में शराब पी थी। बिल भुगतान को लेकर विवाद होने के बाद होटल के बाउंसरों ने उसे बाहर कर दिया। इसके बाद युवती ने होटल के बाहर ही हंगामा शुरू कर दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने घटनाक्रम का वीडियो बनाया, जो अब सामने आया है।
पुलिस पहुंची, काफी देर तक चलता रहा हंगामा
हंगामे की सूचना पर डायल-112 और सिविल लाइन थाने की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने युवती को समझाने का प्रयास किया, लेकिन कुछ देर तक स्थिति सामान्य नहीं हुई। सामने आए वीडियो में युवती को पुलिस और होटल स्टाफ की मौजूदगी में हंगामा करते देखा जा सकता है।
घटना का एक पहलू यह भी सामने आया है कि हंगामे के बाद युवती पुलिस की मौजूदगी में अपनी कार तक पहुंची और उसमें बैठकर वहां से चली गई। युवती के मोबाइल को थाने ले जाने की बात कही जाने की भी चर्चा है, हालांकि इस संबंध में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
रात ढाई बजे तक बार संचालन पर उठे सवाल
घटना के समय को लेकर होटल के बार-पब के संचालन पर भी सवाल उठ रहे हैं। यदि विवाद रात करीब ढाई बजे शराब सेवन के बाद हुआ, तो यह जांच का विषय है कि उस समय बार संचालन और शराब परोसने की अनुमति निर्धारित नियमों के अनुरूप थी या नहीं।
स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि पिछले सप्ताह इसी युवती के होटल में हंगामा करने की बात सामने आई थी। हालांकि उस घटना का कोई वीडियो सामने नहीं आया था। इस बार वीडियो वायरल होने के बाद होटल की देर रात की गतिविधियों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
पुलिस ने कहा- जानकारी लेकर बताएंगे
मामले को लेकर सिविल लाइन थाना प्रभारी किशोर केवट से जानकारी लेने का प्रयास किया गया। उन्होंने घटना की जानकारी नहीं होने की बात कहते हुए मामले की जानकारी लेकर बताने की बात कही। खबर लिखे जाने तक पुलिस की ओर से घटना को लेकर कोई विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया था।
अब पूरे मामले में पुलिस और आबकारी विभाग की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि होटल में उस समय बार संचालन नियमों के अनुरूप था या नहीं और हंगामे के संबंध में कोई वैधानिक कार्रवाई की गई है या नहीं।