27 से 29 अक्टूबर तक अधिकारियों-कर्मचारियों को सतर्क रहने के निर्देश, जलभराव और पेड़ गिरने जैसी घटनाओं से निपटने की तैयारी

बिलासपुर। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद भारी बारिश की आशंका को देखते हुए नगर निगम प्रशासन ने आपात तैयारियां शुरू कर दी हैं। 27 से 29 अक्टूबर तक संभावित खराब मौसम को ध्यान में रखते हुए निगम ने अधिकारियों और कर्मचारियों को अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। इस दौरान जलभराव, पेड़ गिरने, बिजली के खंभे क्षतिग्रस्त होने और निचले इलाकों में पानी भरने जैसी परिस्थितियों से निपटने के लिए विभागवार जिम्मेदारियां तय की गई हैं।

नगर निगम ने आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए 17 प्रमुख अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी है। इनमें 2 नोडल अधिकारी और सभी 8 जोनों के कमिश्नर शामिल हैं। निगम आयुक्त ने अपर आयुक्त खजांची कुम्हार और अधीक्षण अभियंता एसपी साहू को संयुक्त रूप से नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। दोनों अधिकारी संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर आपात परिस्थितियों में राहत और बचाव कार्यों की निगरानी करेंगे।

निचले इलाकों में विशेष सतर्कता के निर्देश

सभी जोन कमिश्नरों को अपने-अपने क्षेत्रों में मुनादी कराने और नागरिकों को संभावित खराब मौसम के प्रति सतर्क करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही जलभराव और बाढ़ की आशंका वाले निचले इलाकों को चिह्नित करने तथा वहां राहत एवं बचाव के लिए कर्मचारियों को तैयार रखने को कहा गया है।

निगम प्रशासन ने संभावित जलभराव वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखने और बारिश के दौरान उत्पन्न होने वाली समस्याओं पर तत्काल कार्रवाई करने की तैयारी की है। पेड़ गिरने या बिजली के खंभे क्षतिग्रस्त होने जैसी घटनाओं में संबंधित विभागों को त्वरित सूचना देकर आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।

तीन दिन तक सतर्क रहेगा अमला

27 से 29 अक्टूबर तक संभावित खराब मौसम को देखते हुए निगम का मैदानी अमला सतर्क रहेगा। अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों की स्थिति पर नजर रखने और किसी भी आपात सूचना पर तत्काल कार्रवाई करने के लिए तैयार रहने को कहा गया है। निगम प्रशासन का उद्देश्य भारी बारिश की स्थिति में नागरिकों को होने वाली परेशानी कम करना और राहत कार्यों में देरी रोकना है।