
बिलासपुर। टेलीफोन एक्सचेंज रोड स्थित होटल हेवन्स पार्क के लिट क्लब में बिल चुकाने को लेकर एक युवती ने जमकर हंगामा कर दिया। आरोप है कि 10 हजार रुपए का बिल मांगने पर युवती ने महिला कर्मचारी से गाली-गलौज और मारपीट की। इसके बाद वॉशरूम का शीशा और गमले भी तोड़ दिए। पुलिस के पहुंचने के बाद भी युवती नहीं मानी और बिना बिल चुकाए कार से वहां से चली गई। पुलिस ने युवती के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
सरकंडा के अशोक नगर निवासी अंजना दीवान (27) क्लब के सर्विस डिपार्टमेंट में काम करती हैं। उनके अनुसार, शनिवार रात करीब 10:30 बजे पेमा नाम की युवती अपने दोस्तों के साथ क्लब पहुंची थी। बिल बनने के बाद अंजना ने उसे 10 हजार रुपए का बिल दिया। युवती ने बिल की राशि पर आपत्ति जताते हुए सिर्फ अपने खाने-पीने का बिल देने की बात कही। इसके बाद 5 हजार रुपए का दूसरा बिल बनाया गया।
अंजना ने दोबारा बिल चुकाने के लिए कहा तो युवती कथित तौर पर चिल्लाने लगी और बाहर जाने लगी। उसे रोकने पर आरोप है कि उसने अंजना के बाल पकड़कर मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद क्लब में हंगामा करते हुए वॉशरूम का शीशा और गमले तोड़ दिए।
हंगामे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह बिल का भुगतान किए बिना कार से चली गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने युवती के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सच कहते हैं कि नंगे से तो खुदा डरे। इस बदतमीज महिला के सामने पुलिस और बाउंसर भी बेबस दिखे।