
बिलासपुर। बिलासपुर एयरपोर्ट पर शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब दिल्ली से बिलासपुर पहुंची Alliance Air की फ्लाइट की लैंडिंग के दौरान अचानक विमान का टायर फट गया। घटना के बाद एयरपोर्ट पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। हालांकि पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए विमान को सुरक्षित रूप से रनवे पर रोक लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के मुताबिक, दिल्ली से बिलासपुर आने वाली Alliance Air की फ्लाइट 9I697 शुक्रवार को बिलासपुर एयरपोर्ट पर लैंड कर रही थी। लैंडिंग के दौरान विमान का एक टायर फट गया। अचानक आई तकनीकी समस्या के बावजूद पायलट ने विमान पर नियंत्रण बनाए रखा और उसे सुरक्षित तरीके से रनवे पर रोक दिया।
सभी यात्री सुरक्षित
घटना के बाद एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था सक्रिय कर दी गई। विमान में सवार सभी यात्रियों के सुरक्षित होने की जानकारी सामने आई है। किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है। घटना के बाद विमान की तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है।
बिलासपुर-प्रयागराज फ्लाइट रद्द
विमान में तकनीकी समस्या आने के कारण बिलासपुर से प्रयागराज जाने वाली फ्लाइट प्रभावित हुई और उसे रद्द कर दिया गया। इससे प्रयागराज जाने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। यात्रियों को फ्लाइट रद्द होने की सूचना दी गई।
फिलहाल विमान का टायर फटने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। एयरलाइन और संबंधित तकनीकी अधिकारियों द्वारा विमान की जांच की जा रही है। तकनीकी जांच पूरी होने के बाद ही घटना के सटीक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
राहत की बात यह रही कि लैंडिंग के दौरान विमान का टायर फटने के बावजूद पायलट ने स्थिति को संभाल लिया और विमान में सवार सभी यात्री सुरक्षित रहे। समय रहते स्थिति नियंत्रित होने से बिलासपुर एयरपोर्ट पर एक बड़े हादसे की आशंका टल गई।