बिलासपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के भक्त कंवर राम मार्केट में गुरुवार को खरीदारी करने पहुंची एक महिला के बैग से अज्ञात चोरों ने करीब चार तोले सोने के जेवर पार कर दिए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान शुरू कर दी। देर रात तक पुलिस को चोरों का कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका था।

जानकारी के अनुसार महिला खरीदारी के लिए भक्त कंवर राम मार्केट पहुंची थी। उसने अपने सोने के जेवर कपड़े के थैले में रखे हुए थे। इसी दौरान भीड़भाड़ का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने मौका पाकर थैले से करीब चार तोले सोने के जेवर चोरी कर लिए। कुछ देर बाद महिला को जेवर गायब होने की जानकारी हुई, जिसके बाद उसने आसपास तलाश की और पुलिस को घटना की सूचना दी।

सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस की टीम सक्रिय हुई और बाजार में सघन जांच शुरू की। पुलिस ने दुकानों और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू किए, ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके। पुलिस को आशंका है कि भीड़ का फायदा उठाकर किसी शातिर चोर ने वारदात को अंजाम दिया है।

कोतवाली सीएसपी गगन कुमार ने बताया कि महिला के बैग से करीब चार तोले सोने के जेवर चोरी होने की शिकायत मिली है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है। देर रात तक आरोपियों का पता नहीं चल पाया था।