बिलासपुर। जिले में बाइक चोर गिरोह की सक्रियता लगातार बनी हुई है। भीड़भाड़ वाले बाजार से लेकर यूनिवर्सिटी परिसर और रिवर व्यू जैसे इलाकों में भी चोर बेखौफ होकर दोपहिया वाहन पार कर रहे हैं। बीते 72 घंटे में बाइक चोरी के 3 मामले सामने आए हैं। इनमें साप्ताहिक बाजार, सेंट्रल यूनिवर्सिटी परिसर के सामने और रिवर व्यू में हुई घटनाएं शामिल हैं। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने मामले दर्ज कर बाइक की तलाश शुरू कर दी है।
पहली घटना में मुंगेली निवासी कोमल साहू गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय परिसर में राजमिस्त्री का काम करते हैं। वे साथी के साथ सब्जी लेने गए थे। उन्होंने यूनिवर्सिटी के सामने अपनी पैशन प्रो बाइक क्रमांक CG 10 Y 1465 खड़ी की थी। करीब 20 मिनट बाद लौटे तो बाइक गायब थी।
दूसरी घटना में चकरभाठा के भाटापारा निवासी धजाराम यदु की एचएफ डीलक्स बाइक क्रमांक CG 22 R 4794 चोरी हो गई। धजाराम रोज मेमू लोकल से चकरभाठा आकर दूध बेचते हैं। उन्होंने बाइक परिचित सिरोमणी के घर के सामने खड़ी की थी। दोपहर से सुबह के बीच अज्ञात चोर बाइक ले गए।
तीसरी घटना रिवर व्यू में हुई। कबीरधाम निवासी और मुंगेली की माइक्रो फाइनेंस कंपनी में काम करने वाले जीवन साहू रविवार शाम रिवर व्यू कच्ची रोड पर अपनी होंडा SP 125 बाइक क्रमांक CG 09 JK 1211 खड़ी कर बाजार गए थे। बाइक का हैंडल लॉक लगा हुआ था। करीब डेढ़ घंटे बाद लौटे तो बाइक गायब मिली।
ग्रामीण इलाकों और कबाड़ में खप रही चोरी की बाइक
पुलिस जांच में सामने आया है कि चोरी की बाइक को ग्रामीण इलाकों और जंगल से लगे सीमावर्ती गांवों में खपाया जा रहा है। कुछ मामलों में इन्हें कवर्धा, मुंगेली और अमरकंटक सीमा से लगे क्षेत्रों में 5 से 8 हजार रुपए में बेचने की बात सामने आई है। इसके अलावा चोरी के 24 से 48 घंटे के भीतर नंबर प्लेट हटाकर चेचिस और इंजन नंबर घिसने के बाद बाइक के पार्ट्स अलग कर मैकेनिकों और कबाड़ियों को बेचने की आशंका है।
रोज 3 से 5 दोपहिया चोरी होने का दावा
थानों में दर्ज मामलों के आंकड़ों के अनुसार बिलासपुर और आसपास के क्षेत्रों में रोज औसतन 3 से 5 दोपहिया वाहन चोरी होने की शिकायतें सामने आ रही हैं। त्योहार और बाजार के दिनों में यह संख्या 6 से 8 तक पहुंचने का दावा किया जा रहा है। पिछले 9 महीनों में 100 से अधिक दोपहिया वाहन चोरी की शिकायतें दर्ज हो चुकी हैं।