बिलासपुर। जिले के ग्राम हरदीकला टोना में शुक्रवार को एक ही परिवार के दो भाइयों के बीच हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। भांजे के साथ गाली-गलौज और मारपीट करने से रोकने पर छोटे भाई ने कथित रूप से बड़े भाई पर सब्बल से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से बड़े भाई की मौत हो गई। घटना के समय दोनों के नशे में होने की बात सामने आई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुदर्शन कुर्रे अपने भांजे के साथ गाली-गलौज और मारपीट कर रहा था। इसी दौरान उसके बड़े भाई सुभाष कुर्रे ने सुदर्शन को भांजे के साथ मारपीट और गाली-गलौज करने से मना किया। इसी बात को लेकर दोनों भाइयों के बीच विवाद बढ़ गया।

आरोप है कि विवाद के दौरान सुदर्शन कुर्रे ने सब्बल से सुभाष कुर्रे पर हमला कर दिया। हमले में सुभाष गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर घटना के कारणों और परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी में दोनों भाइयों के नशे की हालत में होने की बात सामने आई है। पुलिस द्वारा पोस्टमार्टम और अन्य जांच के आधार पर मौत के कारणों की पुष्टि की जाएगी।