बिलासपुर। कोटा थाना क्षेत्र के छेस्काबांधा लारीपारा में दो भाइयों के बीच चल रहे विवाद को सुलझाने पहुंचे युवक पर तब्बल से हमला कर दिया गया। हमले में गंभीर रूप से घायल जय प्रकाश को उपचार के लिए सिम्स रेफर किया गया है। घायल के परिजन ने पुलिस पर आरोपी को संरक्षण देने का आरोप लगाया है।
लारीपारा निवासी किसान जय प्रकाश के अनुसार शनिवार शाम गांव का अबला साहू उर्फ छोटा उसके छोटे भाई से विवाद कर रहा था। जय प्रकाश मौके पर पहुंचे और दोनों को समझाकर मामला शांत करा दिया। इसी दौरान गांव में बिजली गुल हो गई।
आरोप है कि अंधेरे का फायदा उठाकर अबला साहू अपने घर से तब्बल लेकर आया और पीछे से जय प्रकाश पर हमला कर दिया। सिर और शरीर पर तब्बल के वार लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर गए। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर उन्हें बचाया। परिजन उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले गए, जहां से गंभीर हालत में सिम्स रेफर किया गया। मामले में पुलिस जांच कर रही है।