बिलासपुर। ऑपरेशन प्रहार के तहत हिर्री पुलिस ने वाहनों में अतिरिक्त लोहे के एंगल लगाकर डीजे परिवहन की तैयारी करने वाले 2 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने दोनों आयसर माजदा वाहनों को जब्त कर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में वाहनों में लगाए जाने वाले अतिरिक्त एंगल के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 24 और 25 सितंबर को हिर्री पुलिस ने पेट्रोलिंग के दौरान भोजपुरी टोल प्लाजा के पास दो वाहनों की जांच की।

जांच के दौरान उत्तम यादव, उम्र 25 वर्ष, निवासी भुलाजगोंदी थाना गुरूर, जिला बालोद के आयसर माजदा क्रमांक CG07CU9646 तथा अशोक यादव, उम्र 32 वर्ष, निवासी तोरला थाना पथरिया, जिला मुंगेली के आयसर माजदा क्रमांक CG22AB7725 में डीजे लोड करने के लिए वाहन के दाएं, बाएं और ऊपर लोहे के अतिरिक्त एंगल लगे मिले।

पुलिस ने बताया कि इस तरह अतिरिक्त एंगल लगाए जाने से वाहन की संरचना प्रभावित होने के साथ दुर्घटना की आशंका रहती है। दोनों वाहनों के चालकों को मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 130(3)/177 और 194(1)(ए) का उल्लंघन करते पाए जाने पर मौके पर पंचनामा तैयार किया गया। इसके बाद दोनों वाहनों को धारा 207 एमवी एक्ट के तहत जब्त कर लिया गया।

कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक दामोदर प्रसाद मिश्रा, सहायक उपनिरीक्षक धारा सिंह मरावी, प्रधान आरक्षक 456 शिवनारायण पाण्डेय, प्रधान आरक्षक 03 अशोक चन्द्राकर, आरक्षक 36 सुनील सिंह और आरक्षक 465 सूरज कुर्रे का विशेष योगदान रहा। पुलिस ने कहा है कि सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।