बिलासपुर। रतनपुर थाना क्षेत्र में रविवार शाम तेज बारिश के दौरान 2 तेज रफ्तार बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों बाइक चालकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठे 2 युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा ग्राम पुड्डु के पास मुख्य मार्ग पर हुआ।
रतनपुर थाना प्रभारी निलेश पांडेय के अनुसार रविवार शाम करीब 7 बजे ग्राम पुड्डु नवापारा निवासी संजीव पैकरा (17) अपने साथी अमन पैकरा (20) के साथ बाइक से जा रहा था। गांव से बाहर मुख्य मार्ग पर आवासपारा के पास बेलगहना की ओर से आ रही दूसरी बाइक से उनकी आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि संजीव पैकरा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अमन गंभीर रूप से घायल हो गया।
दूसरी बाइक ग्राम पुड्डु नवापारा निवासी विशेष कुमार (18) चला रहा था। हादसे में उसकी भी मौके पर मौत हो गई। बाइक के पीछे बैठे रमन सिंह पैकरा को गंभीर चोटें आई हैं।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। रतनपुर पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा कर मरच्युरी भेज दिया है। सोमवार को दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।