पुराने बस स्टैंड के पास गार्डन की दीवार पर रखी मूर्तियां जब्त करने पहुंची थी टीम, विरोध के बाद विक्रेताओं ने खुद हटाईं प्रतिमाएं
बिलासपुर। शहर में अतिक्रमण हटाने निकली नगर निगम की टीम को रविवार को पुराने बस स्टैंड के पास मूर्ति विक्रेताओं के विरोध का सामना करना पड़ा। गार्डन की दीवार पर रखी मूर्तियों को जब्त करने की कार्रवाई शुरू होते ही विक्रेता टीम के सामने आ गए। दोनों पक्षों के बीच पहले बहस हुई और फिर धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इससे मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। हालांकि, कुछ देर बाद मूर्ति विक्रेताओं ने अपनी प्रतिमाएं हटा लीं, जिसके बाद मामला शांत हुआ।
नगर निगम की टीम रविवार को गोल बाजार, सदर बाजार, जूना बिलासपुर और गांधी चौक से शिव टॉकीज चौक तक अतिक्रमण हटाने पहुंची थी। इस दौरान सड़क पर दुकान का सामान रखकर आवागमन बाधित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। निगम की टीम ने सड़क पर रखे सामान को जब्त भी किया।
इसी क्रम में पुराने बस स्टैंड रोड स्थित गार्डन की दीवार पर रखी मूर्तियों को जब्त करने की कार्रवाई शुरू की गई। इससे नाराज मूर्ति विक्रेताओं ने विरोध जताया और टीम को घेर लिया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच झूमाझटकी होने लगी। स्थिति बिगड़ती देख मूर्ति विक्रेताओं ने दीवार पर रखी प्रतिमाएं हटा लीं, जिसके बाद निगम की टीम आगे की कार्रवाई में जुट गई।
नगर निगम की टीम ने रविवार को अभियान के दौरान करीब एक ट्रॉली सामान जब्त किया। निगम की कार्रवाई का उद्देश्य सड़क पर सामान फैलाकर दुकान लगाने और आवागमन के लिए निर्धारित जगह घेरने वालों के खिलाफ कार्रवाई करना था। हालांकि, अतिक्रमण हटाने के दौरान मूर्ति विक्रेताओं के साथ हुए विवाद ने अभियान के बीच तनाव की स्थिति पैदा कर दी।