
सकरी में पकड़े गए ड्रग पेडलर से पूछताछ के बाद खुला नेटवर्क, ACCU और सकरी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
बिलासपुर। शहर में हेरोइन (चिट्टा) की सप्लाई करने वाले अंतरराज्यीय नेटवर्क की कड़ी जोड़ते हुए बिलासपुर पुलिस ने पंजाब के अमृतसर से मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार किया है। करीब एक सप्ताह पहले सकरी क्षेत्र में पकड़े गए ड्रग पेडलर से पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची। उसे अमृतसर से गिरफ्तार कर बिलासपुर लाया गया है। पुलिस इसे नशे के कारोबार के खिलाफ एंड-टू-एंड विवेचना के तहत बड़ी कार्रवाई बता रही है।
पुलिस के अनुसार, 24 अक्टूबर को सकरी पुलिस और ACCU की टीम ने उसलापुर बाजार के पास दबिश देकर दीपक वालिया (32), निवासी अमृतसर, हाल मुकाम उसलापुर, को पकड़ा था। उसके कब्जे से 11.73 ग्राम हेरोइन, जिसकी कीमत करीब 2.50 लाख रुपये बताई गई है, और 10,500 रुपये नकद बरामद किए गए थे। उसके खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 21, 22 और 29 के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था।
दीपक से पूछताछ और साइबर सेल से मिले तकनीकी इनपुट में पता चला कि बिलासपुर में सप्लाई की जा रही हेरोइन का मुख्य स्रोत अमृतसर में है। इसके बाद एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर ACCU और सकरी थाने की संयुक्त टीम पंजाब रवाना की गई। टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से अमृतसर में घेराबंदी कर रविंद्रजीत सिंह उर्फ रिंकू (40) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी अमृतसर के महेंद्रा एवेन्यू, सुल्तान विंड क्षेत्र का निवासी है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सकरी थाने में NDPS एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। कार्रवाई में ACCU प्रभारी निरीक्षक गोपाल सतपथी, सकरी थाना प्रभारी संजय शिंदे, एएसआई सुरेंद्र तिवारी, राजेश्वरधर दीवान तथा आरक्षक राकेश यादव और रमेश यादव की भूमिका रही।
पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार में शामिल लोगों की पहचान के लिए सप्लाई चेन की शुरुआत से लेकर अंतिम कड़ी तक जांच की जाएगी, ताकि नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंचा जा सके।