बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र के सागरदीप कॉलोनी उसलापुर में घर की अलमारी का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवर और नकदी चोरी करने के मामले में पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 6 लाख रुपये के चोरी के जेवर और नकदी बरामद की गई है। घटना में प्रयुक्त बुलेट भी पुलिस ने जब्त की है।

पुलिस के अनुसार सागरदीप कॉलोनी निवासी वृंदावती मिश्रा अपने पैतृक गांव रीवा गई थीं। इस दौरान उनके घर के कमरे में रखी अलमारी और लॉकर का ताला टूटा मिला। सूचना मिलने पर 3 अक्टूबर को वह वापस बिलासपुर पहुंचीं और घर की जांच की। अलमारी के लॉकर में रखा सोने का हार, झुमका, माथ टीका, 3 अंगूठियां, चांदी की पायल, पायजेब, बिछिया और 12 हजार रुपये नकद गायब मिले। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 6.15 लाख रुपये बताई गई।

रिपोर्ट दर्ज होने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर सकरी पुलिस ने टीम गठित कर संदेह के आधार पर आशीष मिश्रा, सूरज सिंह ठाकुर और अनुराग चौधरी से पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पहले गुमराह करने का प्रयास किया, लेकिन कड़ाई से पूछताछ करने पर चोरी करना स्वीकार कर लिया।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने सोने का हार, अंगूठी, झुमका और नकदी समेत करीब 6 लाख रुपये का सामान बरामद किया। इसके साथ ही घटना में प्रयुक्त बुलेट क्रमांक CG 10 AZ 5100 भी जब्त की गई। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक संजय सिंदे, उप निरीक्षक गणेश राम महिलांगे, प्रधान आरक्षक टीकाराम निषाद, सहायक उप निरीक्षक सुरेंद्र तिवारी, आरक्षक रामचंद कश्यप, पवन बंजारे, सुनील सूर्यवंशी और रूपेश कौशिक की भूमिका रही।