नगर निगम 200 रुपए जलकर ही लेगा, दरों में बढ़ोतरी नहीं; ऑफलाइन रिकॉर्ड ऑनलाइन कर संपत्तिवार बकाया राशि का रखेगा हिसाब

बिलासपुर। नगर निगम अब जलकर की वसूली को संपत्ति कर से जोड़ने जा रहा है। इसके लिए शहर की संपत्तियों के ऑफलाइन रिकॉर्ड को ऑनलाइन किया जा रहा है। नई व्यवस्था के तहत संपत्ति कर के साथ ही जलकर भी जमा करना होगा। समय पर भुगतान नहीं करने पर पेनल्टी भी लगाई जाएगी। हालांकि, जलकर की मौजूदा दर 200 रुपए ही रहेगी। इसमें कोई बढ़ोतरी या अतिरिक्त शुल्क नहीं जोड़ा गया है।

अब तक नगर निगम में जलकर और संपत्ति कर के रिकॉर्ड अलग-अलग होने के कारण बकाया राशि का मिलान करने में परेशानी होती थी। रिकॉर्ड ऑनलाइन होने और दोनों करों को आपस में जोड़ने से अधिकारियों को एक ही जगह संबंधित संपत्ति पर दर्ज जलकर, बकाया राशि और भुगतान की स्थिति की जानकारी मिल सकेगी। इससे बकायादारों की पहचान करने और वसूली की निगरानी में भी आसानी होगी।

ऑफलाइन रिकॉर्ड ऑनलाइन करने के निर्देश

सोमवार को दृष्टि सभाकक्ष में हुई विभागीय समीक्षा बैठक में निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने संपत्ति कर और जलकर की वसूली को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित डेटा एंट्री और ऑफलाइन रिकॉर्ड को ऑनलाइन करने का काम निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने को कहा। साथ ही जलकर को संपत्ति कर से जोड़ने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि संपत्तिवार कर का पूरा हिसाब तैयार हो सके और बकाया वसूली में तेजी आए।

घर बैठे नए नल कनेक्शन के लिए आवेदन

नगर निगम ने नए नल कनेक्शन लेने और पहले से संचालित अवैध कनेक्शनों को वैध कराने की प्रक्रिया भी आसान की है। अब नागरिक ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल के माध्यम से घर बैठे आवेदन कर सकेंगे। आवेदन मिलने के बाद जल शाखा के इंजीनियर एक सप्ताह के भीतर मौके पर पहुंचकर जांच करेंगे।

निगम के अपर आयुक्त खजांची कुम्हार ने बताया कि संपत्ति कर के साथ जलकर की वसूली की जा रही है। अवैध नल कनेक्शनों का सर्वे भी कराया जा रहा है। ऐसे कनेक्शनों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत वैध किया जाएगा।