बिलासपुर। सीपत पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ग्राम पाण्डेपुर (भिलमी) में एक युवक को 40 लीटर कच्ची महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से शराब परिवहन में इस्तेमाल की जा रही हीरो ग्लैमर मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। जब्त शराब की कीमत करीब 8 हजार रुपए बताई गई है।
पुलिस के अनुसार 19 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि भिलमी निवासी मोनू वर्मा उर्फ गोलू (30) मोटरसाइकिल से बड़ी मात्रा में कच्ची महुआ शराब लेकर बिक्री के लिए जा रहा है। सूचना के आधार पर सीपत पुलिस ने ग्राम पाण्डेपुर मेन रोड के पास घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 40 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई। शराब के साथ हीरो ग्लैमर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 10 BQ 5774 को भी जब्त किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) और 59(क) के तहत कार्रवाई कर उसे गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
कार्रवाई पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में की गई। पुलिस ने बताया कि अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।