परिजनों के बयान से पुलिस को हुआ शक, नाबालिग की मां ने घटना के समय उसे रेस्टोरेंट के पास देखा था; एक युवती गिरफ्तार, 2 आरोपी फरार

बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र में 4 युवकों को गैंगरेप के मामले में फंसाने की कथित साजिश का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, एक युवती समेत 3 लोगों ने एक नाबालिग को 30 हजार रुपए देने का लालच देकर युवकों के खिलाफ झूठी शिकायत कराने की योजना बनाई थी। नाबालिग की शिकायत के बाद पुलिस ने चारों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की, लेकिन उनके बयानों और बाद में नाबालिग के परिजनों से हुई पूछताछ में मामला संदिग्ध नजर आया। पुलिस ने मामले में एक युवती को गिरफ्तार किया है, जबकि 2 आरोपी फरार हैं।

जानकारी के अनुसार, 19 सितंबर की रात करीब डेढ़ बजे सकरी थाना क्षेत्र में रहने वाली नाबालिग अकेले थाने पहुंची और 4 युवकों पर गैंगरेप करने का आरोप लगाया। महिला संबंधी अपराध होने के कारण पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए महिला विवेचक को थाने बुलाया और आरोप लगाए गए चारों युवकों को पकड़ लिया। पूछताछ में युवकों ने नाबालिग को पहचानने से इनकार किया।

इधर, पुलिस ने नाबालिग के परिजनों को थाने बुलाया, लेकिन वे नहीं पहुंचे। इसके बाद पुलिस की गाड़ी भेजकर उन्हें थाने लाया गया। पूछताछ के दौरान नाबालिग की मां ने पुलिस को बताया कि घटना बताए गए समय के आसपास उसने अपनी बेटी को किचन गार्डन रेस्टोरेंट के पास देखा था। इस बयान के बाद पुलिस को शिकायत की कहानी पर संदेह हुआ। सख्ती से पूछताछ करने पर नाबालिग ने कथित तौर पर उन 3 लोगों के नाम बताए, जिन्होंने उसे रुपए देने का लालच दिया था।

जन्माष्टमी के विवाद का बदला लेने की साजिश

पुलिस के अनुसार, साजिश में शामिल युवती समेत तीनों का चारों युवकों से पुराना विवाद था। बताया जा रहा है कि जन्माष्टमी के दौरान युवकों ने उनसे चाकू की नोक पर माफी मंगवाई थी। इसी विवाद का बदला लेने के लिए चारों युवकों को गैंगरेप के झूठे मामले में फंसाने की योजना बनाई गई। इसके साथ ही युवकों से पैसे ऐंठने की भी तैयारी थी। नाबालिग को इस काम के बदले 30 हजार रुपए देने का लालच दिया गया।

झूठी कहानी को सच दिखाने के लिए खुद को पहुंचाई चोट

पुलिस के मुताबिक, शिकायत को वास्तविक दिखाने के लिए नाबालिग के कपड़े फाड़े गए और शरीर पर चोट के निशान बनाए गए। आरोप है कि कांच की चूड़ी से उसके निजी अंग के पास खरोंच भी लगाई गई, ताकि पुलिस को घटना वास्तविक लगे। इसके बाद उसे थाने जाकर चारों युवकों के खिलाफ गैंगरेप की शिकायत करने के लिए कहा गया।

सकरी पुलिस ने मामले में शून्य पर अपराध दर्ज कर केस को सिविल लाइन थाना पुलिस को भेज दिया है। मामले में टीआई किशोर केंवट और उनकी टीम ने एक युवती को गिरफ्तार किया है। पुलिस फरार 2 आरोपियों की तलाश कर रही है।

सोशल मीडिया कंटेंट को लेकर विशेषज्ञ ने जताई चिंता

मीडिया और ओटीटी प्लेटफॉर्म पर अपराध, मारपीट, ब्लैकमेल और आसानी से पैसे कमाने से जुड़ा कंटेंट लगातार सामने आ रहा है। बच्चे और युवा कई बार ऐसी सामग्री को सामान्य मानने लगते हैं। ऐसे में अभिभावकों को बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों और उनके संपर्क में आने वाले लोगों पर नजर रखनी चाहिए। परिवार में नियमित बातचीत से बच्चों के व्यवहार में होने वाले बदलाव और गलत संगत का पता समय रहते लगाया जा सकता है।