बिलासपुर में 15वीं अखिल भारतीय रेलवे सुरक्षा बल बैंड प्रतियोगिता शुरू, 200 से अधिक प्रतिभागी दिखा रहे संगीत प्रतिभा और अनुशासन

बिलासपुर। रेलवे सुरक्षा बल के जवानों की संगीत प्रतिभा, अनुशासन और सामूहिक तालमेल का अनूठा प्रदर्शन मंगलवार को एनई इंस्टीट्यूट रेलवे ग्राउंड में शुरू हुई 15वीं अखिल भारतीय रेलवे सुरक्षा बल बैंड प्रतियोगिता-2026 में देखने को मिला। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में देशभर से 14 टीमें हिस्सा ले रही हैं। इनमें 200 से अधिक प्रतिभागी शामिल हैं। बिलासपुर को लगातार चौथी बार इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता की मेजबानी मिली है। दो दिनों तक चलने वाली प्रतियोगिता में बुधवार को विजेता टीमों का फैसला होगा।

प्रतियोगिता का शुभारंभ दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महानिरीक्षक सह प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त मुनव्वर खुर्शीद ने किया। उद्घाटन के दौरान विभिन्न टीमों ने बैंड की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। जवानों के बीच बेहतर तालमेल, अनुशासन और संगीत की लय ने दर्शकों का ध्यान खींचा। अलग-अलग टीमों की प्रस्तुतियों का मूल्यांकन करने के लिए अर्धसैनिक बलों के सेवानिवृत्त अधिकारियों को निर्णायक मंडल में शामिल किया गया है, ताकि प्रतियोगिता का निष्पक्ष आकलन हो सके।

इस प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीमों का चयन 27वीं अखिल भारतीय पुलिस बैंड प्रतियोगिता-2026 में भागीदारी के लिए किया जाएगा। इस लिहाज से भी प्रतिभागियों के लिए यह मुकाबला महत्वपूर्ण है। प्रतियोगिता का समापन समारोह 4 नवंबर को शाम 6:45 बजे आयोजित होगा। इसमें दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।