रास्ते में रोककर स्कार्फ खींचा, बदसलूकी और मारपीट का भी आरोप; हिर्री पुलिस ने दर्ज किया मामला
बिलासपुर। हिर्री थाना क्षेत्र के ग्राम सकर्रा में पड़ोस में रहने वाली युवती को मोबाइल पर आई लव यू का संदेश भेजकर शादी का दबाव बनाने और इनकार करने पर अपहरण की धमकी देने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक ने युवती को किसी को बताने पर उठवा लेने की धमकी दी। बाद में रास्ते में रोककर उसके चेहरे से स्कार्फ खींचा और बदसलूकी की। विरोध करने पर मारपीट भी की। पीड़िता की शिकायत पर हिर्री पुलिस ने आरोपी शिवम कौशिक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम सकर्रा निवासी युवती अपनी भाभी के साथ हिर्री थाने पहुंची और लिखित शिकायत दर्ज कराई। युवती का आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले शिवम कौशिक ने पहले उसके मोबाइल पर आई लव यू का संदेश भेजा। इसके बाद शादी का प्रस्ताव रखते हुए उस पर शादी करने का दबाव बनाया। आरोपी ने कथित तौर पर धमकी दी कि यदि उसने इस बारे में किसी को बताया तो उसे उठवा लेगा।
शादी से इनकार करने पर रास्ते में रोका
युवती के मुताबिक, शादी के प्रस्ताव को ठुकराने के बाद आरोपी ने उसे रास्ते में रोक लिया। इस दौरान उसके चेहरे से स्कार्फ खींचकर बदसलूकी की। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट भी की गई। घटना से परेशान युवती ने परिजनों को जानकारी दी और अपनी भाभी के साथ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
भारतीय न्याय संहिता की धाराओं में केस
हिर्री पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी शिवम कौशिक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 126(2), 74, 351(4) और 115(2) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।