यात्रियों ने पहले ही बताई थी जलने की गंध, FIR में ड्राइवर पर बस नहीं रोकने का आरोप; ड्राइवर-कंडक्टर गिरफ्तार

ग्रेटर नोएडा। दिल्ली से महोबा जा रही एक स्लीपर बस बुधवार रात यमुना एक्सप्रेसवे पर आग की लपटों में घिर गई। हादसे में 9 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य यात्री घायल हुए हैं। बस में करीब 30 से 35 यात्री सवार थे। घटना रात करीब 11:30 बजे यमुना एक्सप्रेसवे के 33वें किलोमीटर के पास जेवर क्षेत्र में हुई। हादसे के बाद पुलिस ने बस के चालक और परिचालक को गिरफ्तार कर लिया है।

यात्रियों ने कहा- जलने की गंध आ रही है

हादसे को लेकर दर्ज एफआईआर में यात्री की शिकायत के आधार पर गंभीर आरोप सामने आए हैं। शिकायत के मुताबिक, बस के ड्राइवर केबिन की तरफ से जलने की गंध आने पर यात्रियों ने चालक और परिचालक को इसकी जानकारी दी और बस रोककर जांच करने को कहा। आरोप है कि उनकी बात को गंभीरता से नहीं लिया गया। कुछ देर बाद चालक केबिन के पास आग की लपटें उठने लगीं और देखते ही देखते आग पूरी बस में फैल गई।

एफआईआर में यह भी आरोप लगाया गया है कि यात्रियों के बार-बार बस रोकने की मांग करने पर चालक और परिचालक ने कथित तौर पर कहा- "मरना है तो मरो, बस नहीं रोकेंगे।" यह कथन एफआईआर में दर्ज शिकायत पर आधारित है और मामले की जांच जारी है।

आग फैलते ही मची अफरा-तफरी

आग तेजी से फैलने के बाद बस में धुआं भर गया और यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कुछ यात्री किसी तरह बस से बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन कई यात्री अंदर ही फंस गए। दमकल और पुलिस टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया। आग बुझाए जाने के बाद बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई। हादसे में 9 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है।

पुलिस ने मामले में चालक और परिचालक को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है। बस के संचालन, सुरक्षा व्यवस्था और आग लगने के कारणों की भी जांच की जा रही है।

12 घंटे के भीतर दूसरा बस अग्निकांड, मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर 14 यात्री सुरक्षित

यमुना एक्सप्रेसवे के इस हादसे के कुछ घंटे बाद गुरुवार सुबह मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर भी एक निजी स्लीपर बस में आग लग गई। उदयपुर से पुणे जा रही बस में करीब 7:20 बजे आग लगी। बस में सवार सभी 14 यात्री और चालक-परिचालक सुरक्षित बाहर निकल गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग बस के एसी सिस्टम में तकनीकी खराबी के कारण लगी।

इस घटना में चालक ने धुआं दिखाई देने के बाद बस रोक दी और यात्रियों को समय रहते बाहर निकाल लिया। दमकल टीमों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।