
बिलासपुर, 24 अगस्त 2026। बिलासपुर शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग ने सोमवार को यातायात थाना बिलासपुर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यातायात व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की और अधिकारियों को सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने तथा प्रमुख मार्गों पर जाम की समस्या दूर करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे, उप पुलिस अधीक्षक यातायात शिवचरण सिंह परिहार सहित यातायात पुलिस के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
हॉटस्पॉट और ब्लैक स्पॉट की हुई समीक्षा
समीक्षा बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से शहर के प्रमुख चौराहों, यातायात जाम वाले हॉटस्पॉट और दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट की स्थिति तथा उनके सुधार के लिए तैयार कार्ययोजना की जानकारी दी।
आईजी गर्ग और एसएसपी रजनेश सिंह ने शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से समीक्षा की। साथ ही यातायात थाने में पदस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कार्यों का भी जायजा लिया गया।
ITMS के चालानों और लंबित प्रकरणों की समीक्षा
बैठक में 1 जनवरी 2026 से अब तक इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS) के माध्यम से काटे गए चालानों और लंबित प्रकरणों की समीक्षा की गई। आईजी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई के लिए ITMS का अधिक प्रभावी, सुचारू और गुणवत्तापूर्ण इस्तेमाल किया जाए।
हेलमेट जागरूकता अभियान होगा तेज
सड़क दुर्घटनाओं के विश्लेषण में दोपहिया वाहन चालकों की मौतों में सिर की गंभीर चोट को प्रमुख कारण बताते हुए जिले में व्यापक हेलमेट जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधिकारियों को आम लोगों को हेलमेट के महत्व के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ नियमों का पालन नहीं करने वालों पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करने को कहा गया।
4-E मॉडल से दुर्घटनाओं पर लगेगा अंकुश
सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए 4-E रोड सेफ्टी मॉडल के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी जोर दिया गया। इसमें Traffic Engineering, Traffic Education, Traffic Enforcement और Traffic Emergency Services को शामिल किया गया है। आईजी ने चारों क्षेत्रों में समन्वित तरीके से काम करने के निर्देश दिए।
नाबालिग वाहन चालकों पर विशेष नजर
नाबालिगों के वाहन चलाने पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए स्कूलों में जागरूकता अभियान चलाने के साथ स्कूल, कॉलेज, कोचिंग संस्थान, मॉल, प्रमुख सार्वजनिक स्थलों और चौराहों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। पुलिस का उद्देश्य नाबालिगों से होने वाली दुर्घटनाओं और उनमें होने वाली जनहानि को रोकना है।
हाईवे पर अवैध पार्किंग करने वाले ट्रकों पर कार्रवाई
आईजी गर्ग ने हाईवे पर अवैध एवं खतरनाक तरीके से खड़े ट्रकों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट की दोबारा समीक्षा कर आवश्यक सुधारात्मक उपाय करने और उसकी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश यातायात प्रभारी को दिए गए।
10 हजार से ज्यादा मवेशियों को लगाए गए रेडियम बैंड
बैठक में सड़क पर घूमने वाले मवेशियों से होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम पर भी विशेष चर्चा हुई। यातायात प्रभारी ने बताया कि नेहरू चौक से हाईकोर्ट और भोजपुरी मार्ग सहित मवेशी बाहुल्य क्षेत्रों को ‘ग्रे स्पॉट’ के रूप में चिन्हित किया गया है। अब तक 10 हजार से अधिक मवेशियों को रेडियम रिफ्लेक्टिव बैंड लगाए जा चुके हैं। इसके अलावा सड़कों पर 61 ‘Cattle on Road’ बोर्ड लगाए गए हैं।
बेलमुंडी और रतनपुर में मवेशी शेल्टर तथा 1033 और 1100 हेल्पलाइन का संचालन भी किया जा रहा है। आईजी ने इस अभियान को और अधिक प्रभावी एवं सघन बनाने के निर्देश दिए, ताकि मवेशियों के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को कम किया जा सके।
तीन नए यातायात थाने जल्द होंगे शुरू
शासन की अधिसूचना के तहत स्वीकृत तीन नए यातायात थानों सरकंडा, तिफरा और लिंक रोड बिलासपुर को शीघ्र शुरू करने की प्रक्रिया की भी समीक्षा की गई। आईजी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर इन थानों का संचालन जल्द शुरू कराने के निर्देश दिए।
इसके अलावा शहर के प्रमुख चौराहों पर पुलिस बल की तैनाती के लिए व्यावहारिक ड्यूटी रोस्टर तैयार करने और राजपत्रित अधिकारियों एवं टैंगो टीमों के बीच बेहतर कार्य-विभाजन सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई।
‘हेलमेट/सीट बेल्ट लगाकर रखें, दुर्घटना से होने वाली मौतों से मुक्त रहें’
बिलासपुर रेंज पुलिस द्वारा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए जारी ‘यातायात जागरूकता एवं हेलमेट अनिवार्यता महाअभियान’ की SOP पर भी चर्चा की गई। आईजी ने ग्राम से लेकर ब्लॉक स्तर तक प्रशासनिक अधिकारियों और नागरिकों की सहभागिता से अभियान को व्यापक रूप से संचालित करने तथा इसका अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।
आईजी रामगोपाल गर्ग ने कहा कि शहर में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाना और नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। इसके लिए जागरूकता अभियान और वैधानिक कार्रवाई दोनों लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि हेलमेट और सीट बेल्ट जीवन रक्षा के लिए आवश्यक हैं और संबंधित SOP का सख्ती के साथ पालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने कहा कि समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुरूप शहर की यातायात व्यवस्था को और प्रभावी बनाने तथा सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।