बिलासपुर। शहर में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए यातायात पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) के जरिए ऐसे वाहन चालकों पर निगरानी रखी जा रही है और नियम तोड़ने पर ऑनलाइन ई-चालान भेजे जा रहे हैं।

यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे ऑनलाइन चालान मिलने पर निर्धारित समय-सीमा में उसका भुगतान जरूर करें। समय पर चालान जमा नहीं करने की स्थिति में न्यायिक प्रक्रिया का सामना करना पड़ सकता है। पुलिस के मुताबिक यातायात नियमों की अनदेखी से वाहन चालक न केवल अपनी जान जोखिम में डालते हैं, बल्कि सड़क पर चलने वाले दूसरे लोगों के लिए भी खतरा पैदा करते हैं।

ई-चालान का भुगतान घर बैठे ऑनलाइन किया जा सकता है। इसके लिए वाहन चालक नेक्स्ट जनरेशन ई-चालान पोर्टल पर जाकर 'पे चालान' विकल्प चुनें। इसके बाद चालान नंबर या वाहन नंबर दर्ज कर कैप्चा भरें और 'गेट डिटेल' पर क्लिक करें। स्क्रीन पर चालान की जानकारी आने के बाद संबंधित चालान के सामने दिए गए 'पे नाउ' विकल्प पर क्लिक कर भुगतान किया जा सकता है। भुगतान पूरा होने के बाद रसीद जनरेट होने तक इंतजार करें और उसे सुरक्षित सेव कर लें।

ऑनलाइन भुगतान में किसी तरह की परेशानी होने पर वाहन चालक यातायात मुख्यालय या आईटीएमएस हेल्प डेस्क पहुंचकर सहायता ले सकते हैं। यातायात पुलिस ने नागरिकों से नियमों का पालन करने और सड़क पर अनुशासन बनाए रखने की अपील की है।