
बिलासपुर। तिफरा के विष्णु चौक पर धारदार चाकू लहराकर राहगीरों को डराने-धमकाने वाले 26 वर्षीय युवक को सिरगिट्टी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से धारदार चाकू जब्त किया है। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 11 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली कि विष्णु चौक स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल के पास एक युवक हाथ में धारदार चाकू लेकर आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक किशोर केंवट ने पुलिस टीम के साथ मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही युवक भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन टीम ने उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में उसकी पहचान अनस अहमद खान (26), निवासी गौर कॉलोनी, यदुनंदन नगर तिफरा के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से धारदार चाकू बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।