आर-2 और आर-3 गली के लोगों में दहशत, निगम से कई बार शिकायत के बाद भी कार्रवाई का इंतजार

बिलासपुर। विनोबा नगर स्थित गायत्री मंदिर के पास आर-2 और आर-3 गली में एक आक्रामक काले सांड से लोग परेशान हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार सांड सड़क पर खड़ी गाड़ियों को नुकसान पहुंचा रहा है और राहगीरों को देखते ही अचानक उनके पीछे दौड़ने लगता है। इसके चलते कुछ लोगों के चोटिल होने और वाहनों को नुकसान पहुंचने की शिकायत भी सामने आई है।

स्थानीय दुकानदारों के मुताबिक सांड लंबे समय से इलाके में घूम रहा है। वह दूसरे कमजोर सांडों को भी दौड़ाकर उन पर हमला करता है। इसी दौरान सड़क से गुजर रहे लोगों के सामने अचानक खतरा पैदा हो जाता है। सांड के आक्रामक व्यवहार के कारण दुकानदार भी दुकान के बाहर निकलने में सावधानी बरत रहे हैं।

लोगों का कहना है कि सांड को हटाने के लिए CM हेल्पलाइन के साथ नगर निगम के निदान पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है। इसके बावजूद अब तक उसे पकड़ने या सुरक्षित स्थान पर ले जाने की ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। स्थानीय लोगों ने निगम से जल्द कार्रवाई की मांग की है, ताकि किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।

वहीं, नगर निगम के अपर आयुक्त ने कहा है कि विनोबा नगर में घूम रहे सांड को पकड़ने के लिए टीम भेजी जाएगी। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि निगम की टीम जल्द कार्रवाई कर समस्या का समाधान करेगी।