
बिलासपुर। विजयादशमी के अवसर पर मंगलवार को रक्षित आरक्षी केंद्र बिलासपुर में विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शस्त्र पूजन समारोह आयोजित किया गया। उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने धर्मपत्नी के साथ शस्त्रों की पूजा-अर्चना कर जिले में शांति, सुरक्षा और सौहार्द बनाए रखने की कामना की। इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षित बिलासपुर बनाने के संकल्प को दोहराया।
पुलिस लाइन में आयोजित समारोह में शस्त्रों को आकर्षक ढंग से सजाया गया और मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित कर धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए गए। परंपरा के अनुसार एसएसपी रजनेश सिंह ने कुम्हड़े (रखिया) की प्रतीकात्मक बलि अर्पित की। इसके बाद देवी-देवताओं के जयकारों के बीच छत्तीसगढ़ पुलिस का जयघोष किया गया। शस्त्र पूजन की परंपरा निभाते हुए एसएसपी ने इंसास राइफल से हवाई फायर किया। अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भी परंपरानुसार हवाई फायर किया। इसके बाद पुलिस वाहनों का विधिवत पूजन किया गया।
विजयादशमी को अधर्म पर धर्म और असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक मानते हुए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने जिले में शांति, भाईचारा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रसाद वितरित किया गया। एसएसपी रजनेश सिंह ने मीडिया के माध्यम से जिलेवासियों और पुलिस परिवार को विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं।
जिले के थानों में भी हुई शस्त्र पूजा
परंपरा के अनुसार बिलासपुर पुलिस के सभी राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों ने पुलिस लाइन के साथ जिले के विभिन्न थानों में भी शस्त्र पूजन किया। समारोह में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह, डीएसपी (लाइन) मंजुलता केरकेट्टा, सीएसपी सिविल लाइन परमेश्वर तिलकवार, सीएसपी सरकंडा तिलेश्वर यादव, एसडीओपी कोटा नूपुर उपाध्याय, सीएसपी चकरभाठा राजेश जोशी, डीएसपी यातायात शिवचरण सिंह परिहार, डीएसपी IUCAW अनीता प्रभा मिंज, डीएसपी अजाक सुदीप सरकार और रक्षित निरीक्षक भूपेंद्र कुमार गुप्ता सहित विभिन्न थानों के प्रभारी, पुलिस अधिकारी-कर्मचारी तथा मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।