कुरेली विद्युत सब स्टेशन में ऑपरेटर की करंट से मौत के बाद हुआ था विवाद, शासकीय कार्य में बाधा डालने और शांति व्यवस्था प्रभावित करने के मामले में हिर्री पुलिस की कार्रवाई
बिलासपुर। मस्तूरी क्षेत्र के ग्राम कुरेली स्थित विद्युत सब स्टेशन में ऑपरेटर अमन साहू की करंट की चपेट में आने से मौत के बाद उपजे आक्रोश के बीच हंगामा करने वाले 7 लोगों के खिलाफ हिर्री पुलिस ने प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर कार्यपालिक दंडाधिकारी के समक्ष पेश किया।
पुलिस के अनुसार, विद्युत सब स्टेशन में ऑपरेटर की मौत के बाद कुछ लोगों ने आक्रोश जताते हुए शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न की थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने कानून व्यवस्था बनाए रखने और शासकीय कार्य में बाधा डालने वालों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक दामोदर प्रसाद मिश्रा एवं पीएसआई उषा निषाद की टीम ने कार्रवाई करते हुए 7 लोगों को पकड़ा। इनमें दीपक कौशिक (27), शुभम कौशिक (27), सत्यम कौशिक (30), उमाशंकर कौशिक (28), आयुष कौशिक (24), ओमप्रकाश कौशिक (32) और ललित कुमार कौशिक (24), सभी निवासी ग्राम कुरेली शामिल हैं।
पुलिस ने सभी के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी घटना के बाद कानून हाथ में लेने या शासकीय कार्य में बाधा डालने के बजाय अपनी शिकायत उचित माध्यम से दर्ज कराएं।