बिलासपुर। रतनपुर के बड़ीबाजार इलाके में सोशल मीडिया पर बटनदार चाकू दिखाकर लोगों में भय का माहौल पैदा करने वाले युवक के खिलाफ पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 1 बटनदार चाकू जब्त किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार 18 सितंबर 2026 को सूचना मिली कि बड़ीबाजार रतनपुर निवासी निजाम अली उर्फ अश्शू चाकू दिखाकर लोगों को डरा-धमका रहा है। आरोपी द्वारा चाकू दिखाते हुए VIDEO बनाकर Instagram पर प्रसारित किए जाने की जानकारी भी पुलिस को मिली थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय ने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना देकर तत्काल पुलिस टीम रवाना की। पुलिस ने नूतन चौक बड़ीबाजार के पास घेराबंदी कर आरोपी निजाम अली उर्फ अश्शू (21) को पकड़ लिया। तलाशी में उसके कब्जे से बटनदार चाकू बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक अनिल साहू, आरक्षक आकाश डोंगरे और धनराज कुम्भकार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।