बिलासपुर। त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बिगाड़ने और हुड़दंग करने वालों के खिलाफ सिविल लाइन पुलिस ने कार्रवाई की है। अलग-अलग स्थानों पर उपद्रव कर रहे 3 युवकों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। तीनों को सिटी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार, पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर त्योहारों को देखते हुए क्षेत्र में लगातार पेट्रोलिंग और गश्त की जा रही है। इसी दौरान 10 नवंबर को विवेक पटेल (30), आर्यन रात्रे (19) और साहिल खान (23) अलग-अलग स्थानों पर हुड़दंग करते मिले। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर उन्हें समझाइश दी, लेकिन वे अपने व्यवहार में सुधार करने के बजाय और अधिक उपद्रव करने पर उतारू हो गए। इसके बाद पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की।
इसके अलावा पुलिस ने एक पुराने मामले में फरार वारंटी सिद्धार्थ वर्मा (39), निवासी विजयापुरम कॉलोनी सरकंडा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान शांति भंग करने और कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।