न्यू दिल्ली स्वीट्स और श्री बालाजी स्वीट्स सहित प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण, साफ-सफाई और भंडारण में मिली कमियां


बिलासपुर। दीपावली और त्योहारी सीजन में मिठाइयों की बढ़ती मांग के बीच खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए जिला प्रशासन ने जांच अभियान तेज कर दिया है। कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शहर के चार प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान खोवा और बेसन के लड्डुओं के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए। निरीक्षण में कुछ प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई और खाद्य पदार्थों के भंडारण की व्यवस्था में कमियां भी मिली हैं। संबंधित संचालकों को सुधार नोटिस जारी करने की तैयारी की जा रही है।


खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने सत्यम चौक स्थित न्यू दिल्ली स्वीट्स का निरीक्षण कर खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच की। इसके अलावा श्रीकांत वर्मा मार्ग स्थित श्री बालाजी स्वीट्स एंड नमकीन से बेसन के लड्डू और खोवा के नमूने लिए गए। विनायक मोवा फर्म से खोवा का सैंपल लिया गया, जबकि मनोज गुप्ता के प्रतिष्ठान से भी खोवा का नमूना जांच के लिए संकलित किया गया।


साफ-सफाई और भंडारण में मिली कमियां


निरीक्षण के दौरान कुछ प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई और खाद्य पदार्थों के भंडारण से संबंधित कमियां सामने आईं। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ सुधार सूचना जारी करने की अनुशंसा अभिहित अधिकारी को भेजी है। इसके तहत संचालकों को निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप व्यवस्था दुरुस्त करनी होगी।


जांच रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई


सभी संकलित नमूने राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। अधिकारियों के मुताबिक जांच रिपोर्ट में खाद्य पदार्थों में मिलावट या निर्धारित मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहारी सीजन में मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर निगरानी रखी जाएगी। आम लोगों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।