कोटा पुलिस की त्वरित कार्रवाई, 9 हजार रुपये के दोनों पंप जब्त
बिलासपुर। कोटा थाना क्षेत्र में खेत से टुल्लू पंप चोरी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए दोनों टुल्लू पंप बरामद कर लिए हैं। चोरी की रिपोर्ट दर्ज होने के चंद घंटों के भीतर पुलिस ने मामले को सुलझाते हुए आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, कोटा के वार्ड क्रमांक 04 फिरंगीपारा निवासी भागवत साहू ने 11 अक्टूबर को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 8 अक्टूबर की शाम करीब 7 बजे वह ग्राम चंगोरी स्थित अपनी कृषि भूमि से घर लौट आए थे। अगले दिन सुबह करीब 9 बजे खेत पहुंचने पर चौकीदार से जानकारी मिली कि वहां लगे 1 एचपी के 2 टुल्लू पंप चोरी हो गए हैं। चोरी गए पंपों की कीमत करीब 9,000 रुपये बताई गई।
मुखबिर की सूचना पर पकड़े गए आरोपी
मामले में रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति टुल्लू पंप बेचने की फिराक में घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कलम पैकरा उर्फ लालू (30), निवासी ग्राम मंझवानी, चौकी बेलगहना और प्रमोद यादव (38), निवासी पड़ावपारा, कोटा को पकड़ा। पूछताछ के दौरान उनके कब्जे से चोरी किए गए सीआरआई कंपनी के 1 एचपी के दोनों टुल्लू पंप बरामद किए गए।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक दिलीप साहू, उपनिरीक्षक कमल नारायण शर्मा और सहायक उपनिरीक्षक नागेश्वरी साहू का योगदान रहा।