बिलासपुर। सीपत थाना क्षेत्र में खड़े ट्रेलर से डिस्क सहित 2 टायर चोरी करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी के दोनों टायर, जिनकी कीमत करीब 50 हजार रुपये है, और वारदात में इस्तेमाल ऑटो जब्त किया गया है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम जांजी निवासी हेमंत यादव का ट्रेलर क्रमांक CG 10 BM 5851 पिछले एक महीने से खराब होने के कारण सीपत स्थित मटेरियल गेट के पास पार्किंग में खड़ा था। 10 अक्टूबर की सुबह बल्कर चालक मुकेश रजक और जेसीबी चालक ओमप्रकाश यादव ड्यूटी पर पहुंचे तो ट्रेलर के डिस्क सहित 2 टायर गायब मिले। उन्होंने इसकी जानकारी वाहन मालिक को दी। शिकायत में बताया गया कि दोनों टायर मो. यासीब अंसारी और मो. जफर खान ऑटो में भरकर ले जा रहे थे।

ट्रेलर में लगाने के लिए चोरी किए थे टायर

मामले की सूचना मिलने पर सीपत पुलिस ने जांच शुरू की और दोनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने टायर चोरी करना स्वीकार किया। वे डिस्क सहित दोनों टायर ऑटो क्रमांक CG 10 AK 9722 में भरकर ले जा रहे थे। पूछताछ में टायरों को दूसरे ट्रेलर में लगाने के लिए चोरी करने की बात सामने आई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. यासीब अंसारी (21), निवासी कासिमपारा, तोरवा और मो. जफर खान (38), निवासी मूल रूप से वैशाली जिले के महुआ क्षेत्र, बिहार, वर्तमान निवासी लिंगियाडीह, सरकंडा के रूप में हुई है। पुलिस ने चोरी के दोनों टायर और वारदात में इस्तेमाल ऑटो जब्त कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।