बिलासपुर। त्योहारी सीजन में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए तोरवा पुलिस ने असामाजिक तत्वों और फरार आरोपियों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर धारदार हथियार लहराकर अशांति फैलाने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की। वहीं दो अन्य असामाजिक तत्वों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। इसके अलावा लूट और चोरी के मामलों में वर्ष 2024 से फरार चल रहे एक स्थायी वारंटी को भी गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 2 सितंबर 2026 की शाम क्षेत्र में चेकिंग और पेट्रोलिंग के दौरान अलग-अलग स्थानों पर कुछ लोग धारदार हथियार लहराकर लोगों में भय का माहौल पैदा कर रहे थे। सूचना पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके से हथियार बरामद किए और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने हेमत करवा (35), निवासी देवरीखुर्द, दिनेश यादव (22), निवासी देवरीखुर्द और निर्मलदास उर्फ लुलु मानिकपुरी (25), निवासी बॉम्बे आवास तोरवा को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से तीन लोहे के धारदार चाकू बरामद किए गए। तीनों के खिलाफ अपराध क्रमांक 479, 481 और 482/2026, धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया।

इसी कार्रवाई के दौरान गोविंद यादव (30), निवासी चांटीडीह सरकंडा और राजा यादव उर्फ राहुल यादव (21), निवासी यादव मोहल्ला तोरवा के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। दोनों को सिटी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया।

2024 से फरार स्थायी वारंटी गिरफ्तार

तोरवा पुलिस ने लूट और चोरी के मामलों में वर्ष 2024 से फरार चल रहे स्थायी वारंटी मोहित उर्फ कांचो मलिक (19), निवासी बापू नगर तोरवा को भी गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ न्यायालय से स्थायी वारंट जारी था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया।

तोरवा पुलिस ने बताया कि त्योहारी सीजन के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार पेट्रोलिंग, चेकिंग और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी की जा रही है। शांति भंग करने वाले असामाजिक तत्वों और फरार आरोपियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।