बिलासपुर। जिले में संचालित सभी प्रकार के ऑटो और उनके चालकों का QR कोड के माध्यम से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू कर दिया गया है। इस व्यवस्था का विधिवत शुभारंभ बुधवार शाम 3 बजे चेतना भवन, पुलिस लाइन बिलासपुर में पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह तथा पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में किया जाएगा।
ऑटो चालक अपने मोबाइल से QR कोड स्कैन कर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर सकेंगे। इसमें उन्हें अपने और वाहन से संबंधित आवश्यक जानकारी दर्ज करनी होगी। पुलिस ने सभी ऑटो चालकों और वाहन मालिकों से अपील की है कि वे निर्धारित अवधि के भीतर अपना रजिस्ट्रेशन अनिवार्य रूप से पूरा कर लें।
पुलिस के अनुसार ऑटो चालकों के साथ कई दौर की बैठकों में इस व्यवस्था की जानकारी पहले ही दी जा चुकी है। रजिस्ट्रेशन की निर्धारित अवधि पूरी होने के बाद जिले में बिना पंजीयन और QR कोड के संचालित होने वाले ऑटो पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। ऐसे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई भी की जा सकती है।
मोबाइल चलाने में परेशानी हो तो युवा करें मदद
पुलिस ने बताया कि बड़ी संख्या में ऑटो चालक मोबाइल आधारित ऑनलाइन प्रक्रिया के अभ्यस्त नहीं हैं। ऐसे में आम नागरिकों, युवा वर्ग और स्कूल-कॉलेज के NCC, NSS तथा स्काउट-गाइड के छात्र-छात्राओं से भी अपील की गई है कि वे ऑटो चालकों को QR कोड के माध्यम से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराने में सहयोग करें। पुलिस का उद्देश्य जिले में संचालित सभी ऑटो का जल्द से जल्द डिजिटल रजिस्ट्रेशन पूरा करना है।