एंड्रॉयड फोन चलाने में परेशानी होने पर आम नागरिकों से सहयोग की अपील, सामाजिक और व्यापारिक संगठनों से भी सुविधा केंद्र खोलने का आग्रह
बिलासपुर। शहर में ऑटो चालकों की पहचान सुनिश्चित करने और यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए बिलासपुर यातायात पुलिस ने ऑटो का यूनिक आईडी और QR कोड बनाने की प्रक्रिया तेज कर दी है। इसके लिए शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में सुविधा केंद्र बनाए गए हैं, जहां ऑटो चालक QR कोड स्कैन कर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराने में सहयोग ले सकते हैं।
यातायात पुलिस के अनुसार, पुलिस परेड ग्राउंड, नेहरू चौक, सीएमडी चौक मैदान, इंदिरा चौक, पुराना बस स्टैंड, लाल बहादुर शास्त्री मैदान, जगमल चौक मैदान, छठघाट मैदान, खेल मैदान सरकंडा, राम सेतु चौक, नया बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, मोतीलाल पेट्रोल पंप और महाराणा पेट्रोल पंप सहित अन्य स्थानों पर रजिस्ट्रेशन में सहयोग दिया जा रहा है।
डिजिटल रजिस्ट्रेशन में परेशानी तो लें मदद
पुलिस के मुताबिक, कई ऑटो चालक एंड्रॉयड मोबाइल फोन चलाने में अभ्यस्त नहीं हैं। ऐसे में उन्हें ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराने और QR कोड जनरेट करने में परेशानी हो रही है। इसे देखते हुए यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे ऑटो चालकों को रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी कराने में सहयोग दें, ताकि किसी भी चालक की यूनिक आईडी और QR कोड बनने में अनावश्यक देरी न हो।
सामाजिक और व्यापारिक संगठन भी आगे आएं
यातायात पुलिस ने नागरिक, सामाजिक और व्यापारिक संगठनों के साथ-साथ स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय और अन्य सहयोगी संस्थाओं से भी इस अभियान में भागीदारी की अपील की है। संगठन अपने स्तर पर सुविधा केंद्र स्थापित कर ऑटो चालकों का ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराने में मदद कर सकते हैं।
पुलिस का उद्देश्य शहर के सभी ऑटो चालकों का पंजीकरण पूरा कर उनकी यूनिक आईडी और QR कोड तैयार करना है, ताकि डिजिटल व्यवस्था के माध्यम से ऑटो चालकों की पहचान सुनिश्चित करने और यात्रियों की सुरक्षा को मजबूत बनाने में मदद मिल सके।