बिलासपुर। सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम बिटकुला में तलवार और चापड़ लहराकर लोगों को डराने-धमकाने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से धारदार तलवार और चापड़ बरामद कर दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 28 अगस्त को सूचना मिली थी कि ग्राम बिटकुला के हरदुली पारा में कलेश्वर सूर्यवंशी के घर के सामने गली में दो युवक धारदार हथियार लेकर खड़े हैं। आरोपी कलेश्वर सूर्यवंशी और उसके परिवार के सदस्यों को मारने-पीटने की धमकी देते हुए तलवार और चापड़ लहरा रहे थे।
सूचना मिलते ही सीपत थाना प्रभारी ने पुलिस टीम को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़कर हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान आरोपी दिनेश कोराम (20), निवासी बिटकुला के कब्जे से एक धारदार लोहे की तलवार तथा शरद पटेल (25), निवासी बिटकुला के कब्जे से एक धारदार लोहे का चापड़ बरामद किया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की और उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में धारदार हथियार लेकर भय का माहौल बनाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का संदेश गया है।