50 हजार रुपए की मनचली बरामद, आरोपी के खिलाफ पहले से दर्ज हैं 9 अन्य आपराधिक मामले

बिलासपुर। सरकंडा क्षेत्र के बंधवापारा में घर से सोने की माला चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने चोरी की माला अपने घर में तकिए के अंदर छिपाकर रखी थी। पुलिस ने निशानदेही पर 50 हजार रुपए कीमत की सोने की मनचली बरामद कर ली है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले से 9 अन्य आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार बंधवापारा निवासी सोनम श्रीवास्तव ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 10 नवंबर की रात उसने गले में पहनने वाली सोने की मनचली उतारकर अलमारी में रखी थी। 12 नवंबर को अलमारी में देखने पर माला गायब मिली। इसकी शिकायत पर सरकंडा पुलिस ने चोरी और घर में घुसने से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर बंधवापारा निवासी अमन श्रीवास्तव उर्फ बिल्लू (27) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी ने बताया कि चोरी की सोने की माला उसने अपने घर में तकिए के अंदर छिपाकर रखी है। पुलिस ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में उसके घर से माला बरामद कर जब्त कर ली।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक सरकंडा तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी नरेश कुमार चौहान के नेतृत्व में की गई।