तखतपुर के पुराना बस स्टैंड के पास बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब मानसिक रूप से बीमार एक महिला मोबाइल टावर पर चढ़ गई। सुबह करीब 10 बजे महिला के टावर पर चढ़ने की जानकारी मिलते ही आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने उसे नीचे उतारने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बिलासपुर से रेस्क्यू टीम तखतपुर पहुंची और महिला को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए घंटों प्रयास किया। सबसे बड़ी चिंता इस बात की रही कि कहीं महिला टावर से नीचे गिर न जाए, जिससे उसकी जान को खतरा हो सकता था। इस दौरान महिला का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें वह अर्धनग्न अवस्था में टावर पर नजर आ रही है।
महिला को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने से पुराना बस स्टैंड के पास सड़क पर जाम की स्थिति बन गई और वाहनों की लंबी कतार लग गई। रेस्क्यू टीम के साथ स्थानीय लोगों की भी नजर महिला पर बनी रही।
बताया जा रहा है कि जिस मोबाइल टावर पर महिला चढ़ी थी, उसके आसपास की सुरक्षा घेराबंदी टूटी हुई है। ऐसे में यह सवाल भी उठ रहा है कि यदि टावर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था और घेराबंदी दुरुस्त होती तो महिला वहां तक कैसे पहुंच पाती। घटना के बाद मोबाइल टावरों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं।