बिलासपुर। व्यापार विहार से मजदूरी कर पैदल घर लौट रहे एक कर्मचारी को मंगलवार दोपहर तिफरा ओवरब्रिज के नीचे बदमाशों ने घेरकर लूट लिया। आरोप है कि मिनी बस्ती निवासी काला पात्रे ने अपने साथियों के साथ मिलकर मजदूर से 3 हजार रुपए नकद और करीब 7 हजार रुपए कीमत का मोबाइल लूट लिया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट भी की गई, जिससे वह घायल हो गया।

यदुनंदन नगर, तिफरा निवासी राम प्रकाश पांडेय व्यापार विहार स्थित चंद्रा आलू एंड कंपनी में काम करते हैं। मंगलवार दोपहर करीब 3:30 बजे वे मजदूरी के 3 हजार रुपए लेकर दुकान से निकले थे। उनके सेठ यश वाधवानी ने उन्हें बाइक से महाराणा चौक तक छोड़ा। इसके बाद राम प्रकाश रेलवे पटरी पार कर पैदल घर जा रहे थे।

दोपहर करीब 3:45 बजे तिफरा ओवरब्रिज के नीचे काला पात्रे ने अपने साथियों के साथ उन्हें रोक लिया। आरोप है कि बदमाशों ने उनसे नकदी और मोबाइल छीन लिया। राम प्रकाश ने विरोध किया तो काला पात्रे ने पीछे से उनकी कमर पर जोरदार लात मार दी। इससे वे मुंह के बल सड़क पर गिर पड़े। मारपीट में उनके माथे, आंख, नाक, चेहरे और हाथों में गंभीर चोटें आईं।