अंबिकापुर-बनारस स्टेट हाईवे पर हादसा, टक्कर के बाद ट्रक चालक वाहन समेत फरार,,,


राजधानी रिपोर्टर/सौरभ साहू कि रिपोर्ट,,,

दिनांक 06/10/2026

लोकेशन, बिश्रामपुर, जिला सूरजपुर छत्तीसगढ़।।


सूरजपुर/विश्रामपुर। अंबिकापुर-बनारस स्टेट हाईवे पर लटोरी चौकी क्षेत्र के ग्राम गंगापुर में बुधवार दोपहर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में भाजपा लटोरी मंडल के उपाध्यक्ष 45 वर्षीय नरेश चौधरी पिता मनबोध चौधरी की मौके पर ही मौत हो गई। नरेश चौधरी बाइक से अपने गांव तुलसी लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक ट्रक समेत मौके से फरार हो गया।


जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत तुलसी निवासी नरेश चौधरी बुधवार को किसी काम से लटोरी आए थे। दोपहर करीब 3 बजे वे बाइक से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वे अंबिकापुर-बनारस स्टेट हाईवे पर ग्राम गंगापुर स्थित ज्वाला घर के पास पहुंचे, पीछे से तेज गति से आ रहे अज्ञात ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वे सड़क पर जा गिरे और ट्रक की चपेट में आ गए। गंभीर रूप से कुचल जाने के कारण उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर लटोरी पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। वहीं अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।


 सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस 


फरार ट्रक और चालक की पहचान के लिए पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों से भी घटना के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि वाहन की पहचान होने के बाद आरोपी चालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


 भाजपा कार्यकर्ताओं में शोक 


नरेश चौधरी की सड़क हादसे में हुई असमय मौत की खबर से उनके परिजनों में मातम पसरा हुआ है। वहीं ग्राम तुलसी सहित लटोरी क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं, परिचितों और ग्रामीणों में भी शोक की लहर है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने नरेश चौधरी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।।