हादसे के बाद बाइक छोड़कर फरार हुआ आरोपी, पुलिस ने वाहन जब्त कर शुरू की तलाश

बिलासपुर के कोनी थाना क्षेत्र में तुर्काडीह पुल पर शुक्रवार शाम तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद बाइक सवार मौके पर अपनी बाइक छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने बाइक जब्त कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

तुर्काडीह निवासी अनिकेत कुरें (18) शुक्रवार शाम करीब 5 बजे घर से दुकान जाने के लिए निकला था। वह तुर्काडीह पुल पार कर रहा था, तभी तेज रफ्तार बाइक सवार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से अनिकेत सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे के बाद बाइक सवार कुछ देर मौके पर रुका, लेकिन लोगों की भीड़ जुटने से पहले बाइक छोड़कर वहां से भाग गया। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और अनिकेत को अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलने पर कोनी पुलिस मौके पर पहुंची और बाइक को जब्त कर लिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। जब्त बाइक के नंबर के आधार पर आरोपी चालक की पहचान कर उसकी तलाश की जा रही है। शव को सिम्स की मरचुरी में रखवाया गया है। शनिवार को पोस्टमार्टम किया जाएगा।