33 दिनों की हड़ताल अवधि के वेतन को लेकर NHM कर्मचारियों ने उठाए सवाल


राजधानी रिपोर्टर/सौरभ साहू कि रिपोर्ट,,,

दिनांक 28/09/2026

लोकेशन, सूरजपुर छत्तीसगढ़।।


सूरजपुर, दिनांक 28 सितंबर 2026, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के कर्मचारियों के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा 13 जून 2026 को रायपुर में आयोजित प्रदेश स्तरीय महासम्मेलन में 33 दिनों की हड़ताल अवधि का वेतन देने की घोषणा की गई थी। घोषणा के करीब तीन माह बाद भी कर्मचारियों को उक्त अवधि का वेतन नहीं मिलने से इसके क्रियान्वयन को लेकर सवाल उठने लगे हैं। NHM कर्मचारियों का कहना है कि मुख्यमंत्री स्तर से सार्वजनिक घोषणा होने के बाद भी भुगतान में हो रही देरी की स्थिति स्पष्ट की जानी चाहिए। कर्मचारियों को यह जानकारी मिलनी चाहिए कि संबंधित फाइल वर्तमान में किस स्तर पर है, आदेश जारी करने की प्रक्रिया में क्या शेष है और भुगतान कब तक किया जाएगा।


 आदेश और भुगतान की प्रक्रिया में देरी पर सवाल 


छत्तीसगढ़ प्रदेश NHM कर्मचारी संघ का कहना है कि घोषणा के बाद अब कर्मचारियों को उसके प्रशासनिक क्रियान्वयन और भुगतान का इंतजार है। संघ ने मांग की है कि लंबित प्रक्रिया को प्राथमिकता से पूर्ण कर शीघ्र आदेश जारी किया जाए तथा भुगतान की स्पष्ट समय-सीमा बताई जाए। संघ का कहना है कि NHM कर्मचारी प्रदेश के ग्रामीण, दूरस्थ एवं दुर्गम क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। ऐसे में घोषित हड़ताल अवधि के वेतन में लगातार हो रही देरी से कर्मचारियों में चिंता बनी हुई है।


 प्रदेश प्रवक्ता पुरन दास ने की शीघ्र कार्रवाई की मांग 


छत्तीसगढ़ प्रदेश NHM कर्मचारी संघ के प्रदेश प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी पुरन दास ने कहा कि मुख्यमंत्री की घोषणा का सम्मान करते हुए 33 दिनों की हड़ताल अवधि के वेतन भुगतान की प्रक्रिया को प्राथमिकता से पूर्ण किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी स्तर पर प्रशासनिक प्रक्रिया लंबित है, तो उसकी स्थिति स्पष्ट की जाए तथा कर्मचारियों को आधिकारिक रूप से बताया जाए कि आदेश और भुगतान कब तक किया जाएगा।


 अन्य लंबित मांगों पर भी शीघ्र पहल की अपेक्षा 


संघ ने 33 दिनों की हड़ताल अवधि के वेतन के साथ NHM कर्मचारियों से संबंधित अन्य लंबित मांगों एवं पूर्व में की गई घोषणाओं के क्रियान्वयन की दिशा में भी शीघ्र सकारात्मक पहल की मांग की है। वहीं मामले में सूरजपुर जिले के एनएचएम कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष बृजलाल पटेल का कहना है कि मुख्यमंत्री की घोषणा का शीघ्र धरातलीय क्रियान्वयन होने से कर्मचारियों में शासन के प्रति विश्वास और मजबूत होगा। अब कर्मचारियों की नजर घोषणा के आदेश और वास्तविक भुगतान पर है।