बिलासपुर। सिलपहरी औद्योगिक क्षेत्र स्थित अग्रवाल स्ट्रक्चर कारखाने में मंगलवार शाम हादसे में एक श्रमिक की मौत हो गई। हादसे में सुरक्षा मानकों की अनदेखी और लोडर चालक की लापरवाही की बात सामने आई है। पुलिस ने लोडर चालक के खिलाफ लापरवाही पूर्वक वाहन चलाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान सिरगिट्टी के हरदीभाठा निवासी राकेश लहरे के रूप में हुई है। राकेश मंगलवार को कारखाने में अपनी नियमित ड्यूटी पर था। शाम करीब 5 बजे काम के दौरान वह तेज रफ्तार एचपी लोडर की चपेट में आ गया। भारी वाहन की टक्कर से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे के बाद कारखाने में मौजूद कर्मचारियों ने उसे तत्काल निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर सिरगिट्टी पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू की। पुलिस ने लोडर चालक के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज किया है। बुधवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।