बोर-टैंकर पर निर्भर 2 लाख आबादी तक पहुंचेगा नल का पानी, 170 करोड़ की योजना पर तैयारी
बिलासपुर। शहर के आउटर इलाकों में जल संकट दूर करने के लिए प्रस्तावित 170 करोड़ रुपए की जल योजना को जमीन पर उतारने की तैयारी शुरू हो गई है। नगर निगम फिलहाल प्रभावित और तेजी से विकसित हो रहे क्षेत्रों का सर्वे करा रहा है। सर्वे पूरा होने में 2-3 महीने लग सकते हैं। इसके बाद क्षेत्रवार पानी की जरूरत, मौजूदा पाइपलाइन, जलागारों की क्षमता और नए नेटवर्क की आवश्यकता का आकलन कर पूरी योजना का प्रस्ताव अर्बन चैलेंज फंड के लिए भेजा जाएगा।
योजना का फोकस अमेरी, मंगला, उसलापुर, बिरकोना, मोपका, तिफरा, दोमुहानी और परसदा समेत आउटर के उन इलाकों में नियमित जल आपूर्ति का नेटवर्क तैयार करना है, जहां तेजी से आबादी बढ़ रही है। प्रस्तावित योजना से करीब 2 लाख की आबादी को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है। फिलहाल इन क्षेत्रों के कई परिवार बोरवेल, निजी मोटर और टैंकर के भरोसे हैं।
भविष्य की जरूरत के हिसाब से बनेगा नेटवर्क
निगम इस बार केवल नई पाइपलाइन बिछाने की योजना नहीं बना रहा है, बल्कि आउटर की पूरी जल व्यवस्था को नए सिरे से प्लान किया जाएगा। सर्वे में मौजूदा जल स्रोत, वर्तमान सप्लाई, पाइपलाइन की उपलब्धता, विकसित हो रहे नए क्षेत्र और भविष्य में दिए जाने वाले कनेक्शनों की संख्या को शामिल किया जा रहा है। इसके आधार पर नए जलागार, उनकी क्षमता, मुख्य पाइपलाइन और वितरण नेटवर्क का रूट तय होगा।
सर्वे रिपोर्ट के बाद डीपीआर को अंतिम रूप दिया जाएगा। निगम का मानना है कि अमृत मिशन के तहत तैयार 72 MLD क्षमता वाले वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट से उपलब्ध पानी का आउटर क्षेत्रों में बेहतर उपयोग किया जा सकेगा। नया नेटवर्क तैयार होने के बाद चरणबद्ध तरीके से इन क्षेत्रों में जलापूर्ति बढ़ाने की योजना है।
फंडिंग मिलने पर आगे बढ़ेगा काम
170 करोड़ रुपए की इस परियोजना का रास्ता फिलहाल फंडिंग पर टिका है। निगम सर्वे पूरा होने के बाद क्षेत्रवार जरूरत और अनुमानित लागत को शामिल कर प्रस्ताव अर्बन चैलेंज फंड को भेजेगा। फंड स्वीकृत होने के बाद टेंडर और निर्माण की प्रक्रिया शुरू होगी। यानी फिलहाल यह योजना प्रस्ताव और सर्वे के चरण में है।
37 करोड़ के पुराने काम भी जारी
आउटर क्षेत्र में पहले से 37 करोड़ रुपए की 2 जल योजनाओं पर काम चल रहा है। 28 करोड़ रुपए की योजना के तहत बहतराई, खमतराई, मंगला और सकरी समेत कई क्षेत्रों में जलागार और पाइपलाइन का काम जारी है। इसमें करीब 25 किमी पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है, जबकि लगभग 70 किमी काम बाकी है।
इसके अलावा 9 करोड़ रुपए की योजना के तहत राजकिशोर नगर, लिंगियाडीह और सिरगिट्टी क्षेत्र में अमृत मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने का काम चल रहा है। नई 170 करोड़ की योजना को इन पुराने नेटवर्क से अलग व्यापक आउटर जल नेटवर्क के रूप में तैयार किया जा रहा है।
अपर आयुक्त खजांची कुम्हार ने बताया कि अभी सर्वे चल रहा है। इसके बाद प्रस्ताव तैयार कर अर्बन चैलेंज फंड को भेजा जाएगा। स्वीकृति मिलने के बाद योजना पर आगे की कार्रवाई शुरू होगी।