बिलासपुर। नवरात्रि पर्व के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए बिल्हा पुलिस द्वारा की जा रही सरप्राइज चेकिंग में चाकू लेकर घूम रहे 2 युवकों को पकड़ा गया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से 2 स्टील के चाकू और 2 मोटरसाइकिल जब्त की हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार, 19 अक्टूबर को ग्राम भैसबोड़ फाटक के पास सरप्राइज चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल क्रमांक CG10B 7538 में सवार अनिषेक केवट (23), निवासी चुराघाट और यामाहा मोटरसाइकिल पर सवार भानुप्रताप निषाद (24), निवासी गोढ़ी की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान दोनों के पास से एक-एक स्टील का चाकू मिला। पुलिस ने चाकू और दोनों मोटरसाइकिल जब्त कर आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की।

यह कार्रवाई डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह और नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा राजेश जोशी के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस के अनुसार, पिछले 2 दिनों में अवैध हथियार रखने के मामलों में 4 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है। अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रशिक्षु उप निरीक्षक आकाश कुमार बंजारे, निरीक्षक तोपसिंह नवरंग, प्रधान आरक्षक अनिल बंजारे, अमर चंद्रा तथा आरक्षक अर्जुन जांगड़े और संतोष मरकाम का योगदान रहा।