बिलासपुर। हिर्री पुलिस ने दीगर जिले से बड़ी मात्रा में देशी शराब का परिवहन करते 2 युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 100 पाव देशी प्लेन शराब, कुल 18 लीटर, और परिवहन में इस्तेमाल मोटरसाइकिल जब्त की गई है। दोनों आरोपियों को आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार 24 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सरगांव की ओर से भोजपुरी टोल प्लाजा की तरफ मोटरसाइकिल से बड़ी मात्रा में शराब ले जाई जा रही है। सूचना पर हिर्री पुलिस की टीम ने ग्राम भोजपुरी में कौशिक ढाबा के सामने घेराबंदी की। इस दौरान मोटरसाइकिल सवार 2 युवकों को रोककर तलाशी ली गई।
पुलिस ने आरोपियों की पहचान केदार साहू (25), निवासी वार्ड नंबर 2 सरगांव, थाना सरगांव, जिला मुंगेली और राजेंद्र साहू (20), निवासी वार्ड नंबर 2 सरगांव, थाना सरगांव, जिला मुंगेली के रूप में की। उनके संयुक्त कब्जे से सफेद रंग के कार्टून में रखी 100 पाव देशी प्लेन शराब बरामद हुई। प्रत्येक शीशी में 180 एमएल शराब थी, जिसकी कुल मात्रा 18 लीटर और कीमत करीब 8,000 रुपए बताई गई है।
पुलिस ने शराब के साथ सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 28 M 7829 भी जब्त की है। आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) और 59(क) के तहत कार्रवाई की गई। दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक दामोदर प्रसाद मिश्रा के नेतृत्व में की गई। इसमें प्रधान आरक्षक धर्मेंद्र राजपूत, आरक्षक सुखदेव प्रसाद कश्यप, जितेंद्र कुमार जगत, सूरज कुर्रे और जयप्रकाश कंवर का विशेष योगदान रहा।