
मुंगेली। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर 31 अक्टूबर को मुंगेली में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। इस मौके पर मुंगेली पुलिस की ओर से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता बनाए रखने की शपथ ली।
कार्यक्रम के तहत सिटी कोतवाली परिसर में एलईडी स्क्रीन लगाकर गुजरात के एकता नगर में आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह का सीधा प्रसारण दिखाया गया। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल हुए थे। समारोह में पुलिस एवं केंद्रीय सुरक्षा बलों ने एकता परेड के माध्यम से राष्ट्रीय एकता और सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की। इस वर्ष कार्यक्रम की थीम 'नक्सल मुक्त भारत' रखी गई थी।
मुंगेली में आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल, भाजपा जिला अध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य गिरीश शुक्ला सहित जनप्रतिनिधि, पार्षद, पत्रकार और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सभी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करने तथा आपसी सद्भाव बनाए रखने का संकल्प लिया।
पुलिस लाइन से एसएसपी कार्यालय तक दौड़
राष्ट्रीय एकता दिवस पर सुबह पुलिस लाइन मुंगेली से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय तक 'रन फॉर यूनिटी' का आयोजन किया गया। इसमें पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने हिस्सा लेकर एकता, अखंडता और भाईचारे का संदेश दिया। दौड़ के माध्यम से लोगों को राष्ट्रीय एकता के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया गया।
देशभक्ति गीतों से गूंजा कार्यक्रम स्थल
आयोजन के दौरान मुंगेली पुलिस के जवानों ने देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति दी। इससे कार्यक्रम में राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति का माहौल बना। इस अवसर पर एसडीओपी आशीष अरोरा, डीएसपी हरविंदर सिंह, रक्षित निरीक्षक नरगिस तिग्गा बघेल सहित विभिन्न थानों के प्रभारी और पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्रीय एकता में योगदान को याद करने के साथ नागरिकों में आपसी सद्भाव, सामाजिक समरसता और राष्ट्र के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना रहा।