दुर्ग-दिल्ली स्पेशल के एसी में 128% और स्लीपर में 114.64% तक पहुंची बुकिंग, बिहार-यूपी जाने वालों की बढ़ी परेशानी

बिलासपुर। छठ महापर्व और त्योहारों के बाद छुट्टियां खत्म होने के बीच बिहार और उत्तर प्रदेश जाने वाले यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। रेलवे की ओर से अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनें चलाए जाने के बावजूद ट्रेनों में कन्फर्म सीटों का संकट बना हुआ है। बिलासपुर से चलने वाली और यहां से होकर गुजरने वाली कई ट्रेनों में उपलब्ध सीटों की तुलना में बुकिंग का अनुपात 100 प्रतिशत से ऊपर पहुंच गया है। दुर्ग-दिल्ली स्पेशल में तो एसी की दोनों श्रेणियों में बुकिंग 128 प्रतिशत तक दर्ज की गई है। स्लीपर में भी यह आंकड़ा 114.64 प्रतिशत है। बिलासपुर-छपरा स्पेशल में स्लीपर की बुकिंग 112 प्रतिशत तक पहुंच गई है। ऐसे में स्पेशल ट्रेनों के बावजूद यात्रियों को राहत मिलती नजर नहीं आ रही है।

रेलवे के उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार ट्रेन नंबर 08795 दुर्ग-दिल्ली स्पेशल में 15 नवंबर की यात्रा के लिए 2 एसी में बुकिंग का अनुपात 128.26 प्रतिशत और 3 एसी में 127.34 प्रतिशत दर्ज किया गया है। वहीं स्लीपर श्रेणी में यह आंकड़ा 114.64 प्रतिशत है। तीनों श्रेणियों में उपलब्ध सीटों की तुलना में बुकिंग का अनुपात अधिक होने से यात्रियों के लिए कन्फर्म टिकट हासिल करना चुनौती बन गया है। बिलासपुर और आसपास के क्षेत्रों के यात्री भी इस ट्रेन का इस्तेमाल दिल्ली जाने के लिए करते हैं।

बिलासपुर-छपरा में स्लीपर की सबसे ज्यादा मांग

बिहार जाने वाले यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण बिलासपुर-छपरा स्पेशल ट्रेन में भी सीटों को लेकर दबाव बना हुआ है। ट्रेन नंबर 08255 में 14 नवंबर की यात्रा के लिए स्लीपर श्रेणी में बुकिंग का अनुपात 112 प्रतिशत दर्ज किया गया है। जबकि 2 एसी में 89 प्रतिशत, 3 एसी में 95 प्रतिशत और 3 ई में 87 प्रतिशत बुकिंग रही। आंकड़े बताते हैं कि इस रूट पर एसी की तुलना में स्लीपर श्रेणी की मांग अधिक है। बिहार और उत्तर प्रदेश की ओर जाने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ने से इस ट्रेन में भी सीटों की उपलब्धता प्रभावित हो रही है।

निजामुद्दीन स्पेशल में भी स्लीपर पर दबाव

दुर्ग-हजरत निजामुद्दीन स्पेशल ट्रेन में भी अलग-अलग तारीखों पर सीटों की मांग उपलब्ध क्षमता से अधिक रही है। ट्रेन नंबर 08751 में 1 नवंबर को 2 एसी में बुकिंग का अनुपात 121.73 प्रतिशत, 3 एसी में 111.71 प्रतिशत और स्लीपर में 102.02 प्रतिशत था। 8 नवंबर को 2 एसी में 111.73 प्रतिशत, 3 एसी में 109.10 प्रतिशत और स्लीपर में 117.34 प्रतिशत बुकिंग दर्ज की गई। वहीं 21 नवंबर की यात्रा के लिए 2 एसी में 79 प्रतिशत, 3 एसी में 87 प्रतिशत और 3 ई में 99 प्रतिशत बुकिंग थी, जबकि स्लीपर में यह आंकड़ा 119.10 प्रतिशत तक पहुंच गया।

रेलवे का दावा- मांग के अनुसार अतिरिक्त कोच लगाने की व्यवस्था

सीटों की कमी और यात्रियों की बढ़ती मांग को लेकर रेलवे का कहना है कि प्रतीक्षा सूची और बुकिंग की स्थिति की लगातार समीक्षा की जा रही है। उपलब्धता और परिचालन की व्यवहार्यता के आधार पर अतिरिक्त कोच लगाने के साथ विशेष ट्रेनों का संचालन भी किया जा रहा है। सीनियर डीसीएम अनुराग सिंह के मुताबिक यात्रियों की सुविधा के लिए मांग के अनुसार व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

बिहार के लिए सीधी हवाई सेवा भी नहीं

ट्रेनों में सीटों का संकट ऐसे समय में है, जब छठ महापर्व के लिए बड़ी संख्या में लोग बिहार और उत्तर प्रदेश जाना चाहते हैं। 15 नवंबर को अस्ताचलगामी सूर्य और 16 नवंबर को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। ऐसे में घर पहुंचने के लिए रेल यात्रा के विकल्प तलाश रहे यात्रियों को परेशानी हो रही है। हवाई सेवा भी बिहार जाने वालों के लिए सीधा विकल्प नहीं बन पा रही है।

बिलासपुर एयरपोर्ट से पटना, छपरा या गोरखपुर के लिए कोई सीधी उड़ान उपलब्ध नहीं है। विंटर शेड्यूल के अनुसार दिल्ली के लिए सप्ताह में चार दिन उड़ान निर्धारित है। रविवार 15 नवंबर को दोपहर 12 बजे दिल्ली के लिए सीधी उड़ान है, जबकि सोमवार 16 नवंबर को सुबह 11:20 बजे अंबिकापुर होकर दिल्ली की उड़ान मिलेगी। कोलकाता के लिए भी रविवार को दोपहर 1:40 बजे उड़ान निर्धारित है, लेकिन वहां से बिहार पहुंचने के लिए अलग से ट्रेन या अन्य साधन लेना होगा।

इस तरह दिल्ली या कोलकाता पहुंचने के बाद भी यात्रियों को बिहार के लिए दूसरी ट्रेन या फ्लाइट का सहारा लेना पड़ेगा। इससे किराया और यात्रा का समय दोनों बढ़ेंगे। कुल मिलाकर छठ पर घर पहुंचने की तैयारी कर रहे यात्रियों के सामने रेल और हवाई, दोनों विकल्पों में सीधी सुविधा का अभाव बड़ी परेशानी बन गया है।